ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गूंजा राष्ट्रगान, डेहरी में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा
रोहतास - डेहरी शहर ने एक बार फिर राष्ट्रप्रेम और भारतीय नारी सम्मान की मिसाल पेश की, जब "ऑपरेशन सिंदूर" की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा न केवल एक आयोजन थी, बल्कि भारतीय संस्कृति, शौर्य और आत्मसम्मान का उत्सव भी थी, जिसमें हजारों देशभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।तिरंगा यात्रा की शुरुआत कैनाल रोड स्थित पूर्व विधायक माननीय श्री सतनारायण यादव जी के आवास से हुई और यह नगर के प्रमुख स्थानों से होती हुई थाना चौक तक पहुंची। इस गौरव यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधायक माननीय श्री सतनारायण सिंह जी एवं भाजपा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती आरती गुप्ता जी ने किया। उनके साथ पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और "ऑपरेशन सिंदूर अमर रहे" जैसे नारे गूंजते रहे। "ऑपरेशन सिंदूर" को भारतीय सेना ने चार दिनों में अंजाम दिया, जिसमें पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर कड़ा प्रहार किया गया। सेना की इस रणनीतिक कार्रवाई ने न सिर्फ आतंक के नेटवर्क को ध्वस्त किया बल्कि भारत की सैन्य शक्ति और राजनीतिक संकल्प का भी अद्भुत प्रदर्शन किया। यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय नारी के सम्मान, सुरक्षा और आत्मगौरव को समर्पित रहा। देश को यह संदेश गया कि भारत अपनी बहनों-बेटियों के सम्मान के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। यात्रा में भाग लेने वालों में प्रमुख रूप से अजय यादव, प्यारेलाल ओझा, अशोक सोनी, सुनीता यादव, कन्हैया सिंह, बबल कश्यप, अमित कुमार, अजय सिंह, सुनील कुशवाहा, संजीव कुमार, निर्दोष पांडे, पुतुल सोनी, आनंद पांडे, शोभा देवी, मंजू देवी, मीरा देवी, सुधा देवी आदि शामिल रहे। साथ ही, सैकड़ों की संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता ने इस आयोजन को एक जनआंदोलन में परिवर्तित कर दिया। इस गौरव यात्रा ने जहां भारतीय नारी के सम्मान को नई ऊंचाई दी, वहीं राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन के हृदय में और गहरा किया। तिरंगे की छांव में सजी यह यात्रा एक प्रेरणास्रोत बन गई, जिसने बताया कि जब बात देश के सम्मान और सुरक्षा की हो, तो पूरा देश एकजुट होकर उठ खड़ा होता है। इस आयोजन ने सिद्ध किया कि भारत सिर्फ एक भूगोल नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति है, जो अपने वीरों, नारियों और संस्कारों पर गर्व करती है। "ऑपरेशन सिंदूर" की सफलता और गौरव यात्रा की ऊर्जा ने रोहतास को गर्व और देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
रिपोर्टर - पंकज कुमार

No Previous Comments found.