सासाराम में भाजपा का सक्रिय सदस्य सम्मेलन, मंत्री डॉ. सुनील कुमार कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
रोहतास : सासाराम जिला मुख्यालय स्थित सत्यम पैलेस में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा सासाराम विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की शुरुआत भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार कुशवाहा उपस्थित हुए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को अंधकार, भ्रष्टाचार, और अव्यवस्था के दौर से निकालकर विकास के रास्ते पर अग्रसर किया है। आज बिहार की पहचान बदली है और यह कार्य भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण संभव हो सका है। डॉ. कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें और जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर ही हम चुनाव में सफल हो सकते हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए बताया कि गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुँच रहा है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए वक्फ बोर्ड संशोधन पर सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि यह निर्णय किसी भी प्रकार से वोट बैंक की राजनीति के तहत नहीं लिया गया है। यह पूरी तरह से सुधारात्मक कदम है, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि वक्फ की संपत्तियों पर वर्षों से माफियाओं का कब्जा था, जिसे इस संशोधन के माध्यम से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं उस क्षेत्र से आते हैं जहां मुस्लिम समुदाय की संख्या अधिक है, और वहां इस संशोधन के बाद खुशी का माहौल है। लोगों ने मिठाइयां बांटीं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह निर्णय जनहित में है। सम्मेलन से पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने सासाराम सर्किट हाउस में एक प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सासाराम सहित पूरे रोहतास जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण यह क्षेत्र राज्य के पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान प्राप्त कर सकता है। सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है और पर्यटन क्षेत्र को विकसित करने के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। सम्मेलन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रिपोर्टर : पंकज कुमार

No Previous Comments found.