रोहतास जिले में 65 ग्राम कचहरी सचिवों को मिला नियुक्ति पत्र, न्याय व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

रोहतास : रोहतास जिले के पंचायती राज विभाग द्वारा आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले के अंतर्गत नवनीयुक्त 65 ग्राम कचहरी सचिवों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। यह आयोजन जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र, रोहतास में संपन्न हुआ, जिसमें जिला पदाधिकारी महोदय, उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि ग्राम कचहरी सचिवों की नियुक्ति ग्रामीण स्तर पर न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी प्रयास है। उन्होंने कहा कि ग्राम कचहरी सचिवों की नियुक्ति से पंचायत स्तर पर न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी तथा आमजन को न्याय मिलने की प्रक्रिया और तेज होगी। उप विकास आयुक्त ने नवचयनित सचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी भूमिका सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि सामाजिक भी है। उन्हें ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा और ग्राम कचहरी को न्याय का एक मजबूत मंच बनाना होगा। इस नियुक्ति के बाद रोहतास जिले के अंतर्गत सभी ग्राम कचहरियों में रिक्तियां लगभग शून्य हो गई हैं, जिससे अब प्रत्येक पंचायत में नियमित रूप से न्यायिक कार्य संपन्न हो सकेंगे। ग्राम कचहरी सचिवों को अपने कर्तव्यों में दक्षता एवं ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी गई। सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे आने वाले वादों का ऑनलाइन पंजीकरण करेंगे, नोटिस जारी करेंगे और ग्राम कचहरी की बैठकों का समुचित दस्तावेजीकरण भी करेंगे। इसके साथ ही, सचिव को अपने पंचायत के सरपंच महोदय के निर्देशन में कार्य करना होगा और ग्राम कचहरी के सभी न्यायिक कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना होगा। कार्यक्रम में बताया गया कि ग्राम कचहरी सचिवों की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय व्यवस्था को विकेंद्रीकरण मिलेगा और आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। यह सचिव जनता और प्रशासन के बीच एक सेतु का कार्य करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने सचिवों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्य को सेवा और समर्पण की भावना से करें। उन्होंने आशा जताई कि ये नियुक्त सचिव ग्राम कचहरियों को नई दिशा देंगे और पंचायत स्तर पर न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे।

रिपोर्टर : पंकज कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.