बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत सासाराम में 145 लाभार्थियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

रोहतास : रोहतास में जिला उद्योग केंद्र, सासाराम में बिहार सरकार द्वारा संचालित बिहार लघु उद्यमी योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण सत्र में कुल 145 लाभार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न औद्योगिक पहलुओं की जानकारी हासिल की। बता दें कि इस योजना के तहत सासाराम अनुमंडल में कुल 1539 लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए हुआ था। यह चयन पटना मुख्यालय स्तर पर लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में सूक्ष्म और लघु उद्योगों को प्रोत्साहित कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को दो लाख रुपए की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी, जिससे वे छोटे उद्योगों की स्थापना कर रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकें। यह राशि पूरी तरह से अनुदानित है, यानी लाभार्थियों को इस राशि को लौटाने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार की इस पहल का मकसद स्थानीय स्तर पर उद्योगों को बढ़ावा देना और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रशिक्षण के दौरान उद्योग विभाग के विशेषज्ञों ने लाभार्थियों को उद्योग स्थापना, विपणन रणनीति, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया से जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्हें लघु उद्योग के क्षेत्र में संभावनाओं और चुनौतियों के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत लाभार्थियों को जल्द ही अनुदान राशि का वितरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि लाभार्थियों को उद्योग स्थापना में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक सहायता की आवश्यकता होने पर जिला उद्योग केंद्र की टीम हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।प्रशिक्षण में भाग लेने वाले लाभार्थियों ने सरकार की इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना न केवल उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी बल्कि जिले में स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादन को भी बढ़ावा देगी। बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत रोहतास जिले में हो रहे इस प्रयास से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में जिले की आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी और युवा वर्ग उद्योग क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना सकेगा।

रिपोर्टर : पंकज कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.