धान अधिप्राप्ति एवं गेहूं अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

रोहतास : जिला पदाधिकारी रोहतास,  के अध्यक्षता में जिला कार्यालय कक्ष में धान अधिप्राप्ति वर्ष 2024-25 एवं गेहूं अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सर्वप्रथम धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि खरीफ मौसम में किसानों से खरीदे गए धान के समतुल्य सीएमआर (Custom Milled Rice) की जमा प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। संबंधित पैक्सों (प्राथमिक कृषि साख समितियों) को निर्देश दिया गया कि वे इस कार्य में सक्रियता दिखाएं तथा लंबित सीएमआर की जमा को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत सीएमआर की प्राप्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस दिशा में प्रगति लाने के लिए राइस मिलों पर स्थानीय प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का निर्णय लिया गया है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि अधिकारीगण मिलों का नियमित निरीक्षण करें और सीएमआर जमा कार्य में आ रही किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक के अगले चरण में गेहूं अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने बताया कि चयनित समितियों को दो दिनों के भीतर सक्रिय कर दिया जाए ताकि अधिप्राप्ति कार्य में तेजी लाई जा सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जो समितियां अभी तक इस प्रक्रिया में भाग नहीं ले रही हैं, यदि वे इच्छुक हों तो उन्हें भी अधिप्राप्ति कार्य में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की मंशा है कि किसानों को उनके उपज का उचित मूल्य समय पर मिले और इसके लिए समितियों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। गेहूं अधिप्राप्ति के लिए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने हेतु सटीक योजना बनाकर कार्य करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया। जिला पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि समितियां और संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर इस कार्य में पारदर्शिता और तेजी लाएं ताकि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि धान और गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता, गति और गुणवत्ता सुनिश्चित हो। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए समस्त प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाए, जिससे जिले में अधिप्राप्ति प्रक्रिया सुचारू और संतोषजनक ढंग से पूरी हो सके।

रिपोर्टर : पंकज कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.