रोहतास में उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन थानाध्यक्ष सम्मानित, एसपी ने बढ़ाया हौसला
रोहतास - जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन थानाध्यक्षों को पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार (आई.पी.एस.) ने प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन थानाध्यक्षों को दिया गया, जिन्होंने हाल ही में अपने क्षेत्र में घटित मामलों में त्वरित और कुशल कार्रवाई करते हुए शांति बहाली में अहम भूमिका निभाई।
सम्मानित किए गए थानाध्यक्षों में बिक्रमगंज, कराकाट और नासरीगंज थाने के अध्यक्ष शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि इन थानाध्यक्षों ने गंभीर मामलों में तत्परता दिखाते हुए समय रहते दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की, जिससे जिले में कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो सकी। विशेष रूप से हाल ही में कराकाट थाना क्षेत्र में घटित एक महत्वपूर्ण केस में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहा और शांति व्यवस्था बनी रही।
एसपी रोशन कुमार ने तीनों थानाध्यक्षों की कर्मठता, कर्तव्यनिष्ठा और सजगता की खुले शब्दों में सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिखाया गया साहस और तत्पर निर्णय क्षेत्र में पुलिस की छवि को और मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि ऐसी कर्मठता हर पुलिस अधिकारी में होनी चाहिए ताकि समाज में कानून का भय और जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने तीनों थानाध्यक्षों को प्रशस्ति पत्र के साथ 5000-5000 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान एसपी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ये अधिकारी अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और लगन से जिले की शांति व्यवस्था बनाए रखने में इसी प्रकार से अहम भूमिका निभाते रहेंगे। साथ ही उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित किया कि वे भी इसी तरह तत्परता और संयम के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
इस सम्मान के बाद पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है और यह पहल अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। यह सम्मान यह भी साबित करता है कि पुलिसकर्मी यदि निष्ठा, साहस और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, तो न केवल कानून व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि जनता में पुलिस के प्रति भरोसा भी और प्रगाढ़ होता है।
संवाददाता = पंकज कुमार

No Previous Comments found.