डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान का शुभारंभ
रोहतास : डेहरी प्रखंड में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को सशक्त करने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव आंबेडकर समग्र सेवा अभियान का शुभारंभ सोमवार को गांगौली पंचायत के अनुसूचित जाति टोला में भव्य रूप से किया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के कर कमलों द्वारा की गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदायों के उत्थान और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत चयनित टोलों में विशेष रूप से चिन्हित 22 सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुँचाया जाएगा। इन योजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, पेयजल, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आजीविका संवर्द्धन, किसान कल्याण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएँ शामिल हैं।
जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल टोलों के लिए विशेष रूप से माइक्रो प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत विकास कार्यों की एक सुनियोजित रूपरेखा तैयार की गई है। इस प्लान के अनुसार संबंधित विभागों के समन्वय से प्रत्येक परिवार की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अंतर्गत समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासनिक टीम सतत निगरानी के साथ इन टोलों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को वंचित न रहना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान से समाज के वंचित वर्गों में शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सामाजिक असमानता को समाप्त करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर कई विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस अभियान से गांगौली पंचायत सहित पूरे जिले में सामाजिक न्याय और विकास की एक नई कहानी लिखी जाएगी।
डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान न केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधा संपर्क स्थापित करेगा बल्कि एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी समाज निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
रिपोर्टर : पंकज कुमार
No Previous Comments found.