समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने हेतु आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित
रोहतास : जिला पदाधिकारी रोहतास द्वारा आज आपूर्ति टास्क फोर्स एवं धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, बिहार राज्य खाद्य निगम के प्रबंधक, प्रमुख आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक समेत सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं आपूर्ति से जुड़े अधिकारी जन वितरण प्रणाली (PDS) के लाभार्थियों के ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग कार्य को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिवारों के राशन कार्ड बनाने तथा राशन कार्ड का वितरण कर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए विशेष विकास शिविरों के आयोजन का आदेश दिया। दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को भी राशन सुविधा से वंचित न रहने देने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि छूटे हुए लाभुकों की पहचान कर उनका राशन कार्ड बनवाया जाए और खाद्यान्न उठाव एवं वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी लाभार्थी को असुविधा न हो। साथ ही सभी परिवहन अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे खाद्यान्न उठाव करते समय उचित समय पर सूचना दें ताकि वितरण प्रणाली में कोई बाधा न आए। जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जरूरतमंदों तक समय पर खाद्यान्न पहुँचाना है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत PHH कार्डधारियों के परिवारों को प्रति माह नि:शुल्क 1 किलो गेहूं और 4 किलो चावल मिलाकर कुल 5 किलो खाद्यान्न तथा अंत्योदय अन्न योजना के तहत प्रत्येक परिवार को नि:शुल्क 7 किलो गेहूं एवं 28 किलो चावल यानी कुल 35 किलो खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा से कार्य करें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुँच सके और कोई भी जरूरतमंद खाद्यान्न से वंचित न रहे।
रिपोर्टर : पंकज कुमार
No Previous Comments found.