सर्दियों में ऐसे करें गुलाब की खेती, घर की बालकनी में खिलेंगे ढेरों फूल...

उर्दू के मशहूर शायर बिस्मिल सुंसहारवी गयावी का एक बेहद खूबसूरत शेर है—

'इक फूल ताजा हाथ में ले कर गुलाब का, अंदाजा कर रहा हूं गुजिश्ता शबाब का।'

गुलाब सिर्फ एक फूल नहीं, बल्कि प्यार, दोस्ती, सम्मान और भावनाओं को जाहिर करने का खूबसूरत जरिया है। किसी को गुलाब भेंट करना अपने दिल की बात कहने का एक खास अंदाज माना जाता है। यही वजह है कि सदियों से गुलाब के अलग-अलग रंगों के साथ खास प्रतीकात्मक अर्थ जुड़े हुए हैं। हर रंग अपने भीतर एक अलग संदेश और भावना समेटे हुए है।

रेड रोज में छिपा है प्यार और जुनून का संदेश

लाल गुलाब को रोमांटिक प्यार, जुनून और गहरी चाहत का सबसे खूबसूरत प्रतीक माना जाता है। अगर कोई आपको सुर्ख लाल गुलाब देता है तो इसका मतलब है कि उसके मन में आपके लिए खास भावनाएं हैं। लाल गुलाब के जरिए प्रेम, समर्पण और प्रशंसा का इजहार किया जाता है। गहरे लाल रंग का गुलाब लंबे समय तक चलने वाले गहरे प्यार को दर्शाता है, जबकि चटक लाल रंग तुरंत उमड़ने वाले जुनून और आकर्षण का प्रतीक माना जाता है।

पिंक रोज आभार और स्नेह का प्रतीक

गुलाबी गुलाब का रिश्ता कोमल भावनाओं, आभार, सम्मान और प्रशंसा से जुड़ा है। किसी को पिंक रोज देना यह बताता है कि आप उसकी कद्र करते हैं और उसके प्रति आपके मन में स्नेह है। हल्के गुलाबी रंग के गुलाब शालीनता, मिठास और खुशी का संदेश देते हैं। मध्यम गुलाबी रंग धन्यवाद और सम्मान जाहिर करते हैं, जबकि गहरे गुलाबी गुलाब आभार और बधाई देने के लिए खास माने जाते हैं।

वाइट रोज से जाहिर होती है पवित्रता और मासूमियत

सफेद गुलाब शांति, पवित्रता, मासूमियत और श्रद्धा का प्रतीक है। इसका इस्तेमाल अक्सर शादियों, धार्मिक आयोजनों और किसी को विदाई देने के अवसर पर किया जाता है। सफेद गुलाब ईमानदारी, सच्चाई और आध्यात्मिक प्रेम की भावना को भी व्यक्त करता है। यही वजह है कि यह फूल रिश्तों में विश्वास और सम्मान का संदेश देने के लिए खास माना जाता है।

सर्दियों में गुलाब के पौधों से महकाएं अपनी बालकनी और बगिया

सर्दियों का मौसम गुलाब के फूलों के लिए काफी अनुकूल माना जाता है। अगर आपकी बालकनी, छत या घर के आंगन में गुलाब के पौधे हैं तो उनकी सही देखभाल से पूरा वातावरण रंगों और खुशबू से महक सकता है। इसके लिए पौधों की रोपाई, मिट्टी, धूप और खाद का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

जुलाई-अगस्त का महीना रोपाई के लिए बेहतर

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के कृषि विभाग के प्रोफेसर राम कुमार सिंह के मुताबिक, गुलाब के पौधों की रोपाई के लिए जुलाई-अगस्त का महीना उपयुक्त माना जाता है। इस दौरान मौसम में पर्याप्त नमी रहती है, जिससे पौधों को जड़ें जमाने में मदद मिलती है। सही समय पर रोपाई करने से पौधे का विकास बेहतर होता है।

उपजाऊ मिट्टी और पानी का रखें खास ध्यान

गुलाब के पौधों को अच्छी तरह विकसित होने के लिए उपजाऊ और पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी की जरूरत होती है। पौधों में पानी देते समय इस बात का ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो। जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है और पौधे के विकास में परेशानी हो सकती है। इसलिए मिट्टी में उचित जल निकासी की व्यवस्था जरूर रखें।

रोजाना 5 से 6 घंटे की धूप है जरूरी

गुलाब के पौधों में अच्छी तरह फूल खिलने के लिए पर्याप्त धूप बेहद जरूरी है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, पौधों को रोजाना 5 से 6 घंटे की धूप मिलनी चाहिए। गुलाब के लिए लगभग 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान अनुकूल माना जाता है, जबकि रात में करीब 15 डिग्री सेल्सियस तापमान पौधों के विकास के लिए अच्छा रहता है।
नीम की खली और गोबर की खाद से मिलेगा पोषण गुलाब के पौधों को स्वस्थ रखने और अच्छी बढ़त के लिए समय-समय पर जैविक खाद डालना चाहिए। इसके लिए गोबर की सड़ी हुई खाद, नीम की खली और उचित मात्रा में कम्पोस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।

कीट-पतंगों से बचाव के लिए नियमित करें निगरानी

गुलाब के पौधों पर कई बार कीट-पतंगों का हमला हो जाता है, जिससे पत्तियां और कलियां प्रभावित होती हैं। इसलिए पौधों की नियमित निगरानी करना जरूरी है। पत्तियों पर दाग, कीट या असामान्य बदलाव दिखाई देने पर समय रहते उचित जैविक उपाय अपनाएं। सूखी और खराब पत्तियों को भी समय-समय पर हटा दें।

अगर आप गुलाब के पौधों की नियमित देखभाल करते हैं तो आपकी छोटी-सी बालकनी भी खूबसूरत बगिया में बदल सकती है। फिर इन रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू के साथ आपके घर का माहौल भी गुलाब की तरह महकता रहेगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.