“रुपया डॉलर के मुकाबले 3 साल में सबसे मजबूत, 130 पैसे उछलकर 90.20 पर पहुंचा”
भारतीय रुपया 3 साल की रिकॉर्ड बढ़त के साथ 90.20 पर पहुंचा 

भारतीय रुपया मंगलवार (3 फरवरी) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 साल में सबसे बड़ी तेजी दिखाते हुए 90.20 के स्तर पर पहुंच गया। रुपए में यह मजबूती अमेरिका और भारत के बीच हुए हालिया ट्रेड डील के ऐलान के चलते आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर लागू टैरिफ को 50% से घटाकर 18% करने की घोषणा की है।2025 में रुपया लगभग 5% कमजोर होकर एशिया की सबसे कमजोर करेंसी बन गया था। जनवरी 2026 में भी रुपए में 2% की गिरावट दर्ज की गई थी। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FIIs) की लगातार निकासी के कारण रुपये पर दबाव बना हुआ था, लेकिन मंगलवार को 91.49 के पिछले क्लोज़ के मुकाबले रुपए ने 130 पैसे की तेजी दिखाई।

इस मजबूती के पीछे भारत-अमेरिका ‘गिव एंड टेक’ समझौता है। राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक, भारत अब रूस से तेल खरीदना बंद करेगा और अमेरिका व वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। इसके अलावा, भारत अगले कुछ वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर की एनर्जी, टेक्नोलॉजी और कृषि उत्पाद खरीदने का वादा करता है। इस ऐलान ने पिछले साल अगस्त में अमेरिकी टैरिफ के बाद बनी अनिश्चितता को समाप्त कर दिया है।


No Previous Comments found.