उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण गेहूं की तुलाई एवं सुरक्षित भंडारण के दिए निर्देश

सागर : सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार जिले में संचालित उपार्जन केन्द्रों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर अविनाश रावत एवं एसडीएम सागर अमन मिश्रा द्वारा महाराजा स्व सहायता समूह, तलचिरी तथा सेवा सहकारी समिति, पनारी के उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए तुलाई व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता एवं भंडारण संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों से क्रय किए जा रहे गेहूं की तुलाई पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए।

अधिकारियों ने उपार्जित गेहूं के सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनाज को वैज्ञानिक पद्धति से रखा जाए, जिससे उसकी गुणवत्ता सुरक्षित बनी रहे। साथ ही वर्तमान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपार्जित गेहूं को सुरक्षित स्थानों पर रखने एवं बारिश अथवा नमी से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने केन्द्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उपार्जन कार्य को समयबद्ध एवं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु कहा गया तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।

रिपोर्टर : लाल साहब लोधी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.