''युवा संगम” कार्यक्रम अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला संपन्न

सागर : कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सागर जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से रोजगार कार्यालय सागर, शासकीय संभागीय आई.टी.आई. सागर तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय संभागीय आईटीआई सागर परिसर में “युवा संगम” कार्यक्रम अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का सफल आयोजन किया गया।

इस रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 292 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक पंजीयन कराया, जिनमें से 176 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को स्थानीय एवं राष्ट्रीय कंपनियों से जोड़ना, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश स्तर की अनेक निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से हीरो मोटरसाइकिल भगवानगंज सागर, मदर्सन पीथमपुर, भारतीय जीवन बीमा निगम सागर, पेटीएम, शिवशक्ति एग्रीटेक प्रा. लि. सागर, ग्रेट ऑर्गेनिक डायमंड प्रा. लि. सागर, अवसर कंपनी, माय लाइफ स्टाइल मार्केटिंग ग्लोबल प्रा. लि. सागर, गेल इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स गुना, ग्रेनुअल ऑर्गेनिक प्रा. लि. सागर, गोल्डन फार्मर ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर सागर एवं जील फैब्रिक पीथमपुर आदि शामिल रहीं।
कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी-अपनी कंपनी नीतियों एवं अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुरूप साक्षात्कार लेकर प्राथमिक चयन किया गया तथा चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर अनेक युवाओं ने पहली बार सीधे कॉर्पोरेट सेक्टर से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया, जिससे उनके आत्मविश्वास एवं रोजगार संभावनाओं में वृद्धि हुई।
स्वरोजगार के क्षेत्र में भी कार्यक्रम का विशेष महत्व रहा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर से उपस्थित श्री अंकित पाठक द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत 05 लाभार्थियों को ₹42 लाख की ऋण प्रदान किया। इससे युवाओं को स्वयं का व्यवसाय आरंभ करने हेतु प्रेरणा एवं आर्थिक सहयोग मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को “मानसिक स्वास्थ्य हेतु नशा मुक्ति की शपथ” दिलाई गई, ताकि वे स्वस्थ, सकारात्मक एवं उत्पादक जीवनशैली अपनाएं। साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों की काउंसलिंग की गई, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास वृद्धि तथा रोजगार साक्षात्कार हेतु आवश्यक व्यवहारिक कौशल की जानकारी प्रदान की गई।
मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा। प्रमेन्द्र शर्मा, प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी सागर, संस्था प्राचार्य वर्ग 2 सुश्री पूजा तिवारी, प्रभारी प्रशिक्षण अधीक्षक  आर. के. दुबे द्वारा सभी चयनित प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। वहीं संभागीय प्लेसमेंट अधिकारी परमानंद सेन द्वारा पूरे आयोजन का सफल समन्वयन एवं संचालन किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण अधिकारी नितिन खरे, प्रदीप उपाध्याय, सुनील लड़िया, एवं मेहमान प्रवक्ता  राहुल रैकवार,  सचिन राही, वरिष्ठ लिपिक  राम यादव, महेश सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग अत्यंत प्रशंसनीय रहा।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में जिला रोजगार अधिकारी एवं उपस्थित कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को औपचारिक रूप से ऑफर लेटर वितरित किए गए। अभ्यर्थियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन सागर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त कदम हैं।

रिपोर्टर : लाल साहब लोधी
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.