मकान गणना के लिए 5326 प्रगणक और 929 सुपरवाइजर किए गए हैं तैनात

जनगणना के तहत मकान गणना के लिए 30 मई तक घर-घर जाएंगे प्रगणक 

जिलेवासी अधिकारी-कर्मचारियों का मकान गणना में करें सहयोग  

 कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती पाल

सागर -जनगणना महाअभियान के तहत मकान गणना का कार्य एक मई से शुरू हो गया है। यह 30 मई तक चलेगा, जिसमें जिले के अधिकारी, कर्मचारी जिलेवासियों के समक्ष पहुंचकर मकान गणना सहित 33 प्रकार की जानकारी प्राप्त करेंगे। सभी जिलेवासी अधिकारी, कर्मचारियों का सहयोग कर जनगणना के अंतर्गत मकानगणना में सहयोग करें और महाअभियान को सफल बनाएं। उक्त अपील कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिलेवासियों से की है।

 कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा आगामी एक मई से 30 मई तक जनगणना का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत शासन द्वारा नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी घर-घर जाकर नागरिकों से आवश्यक सामान्य जानकारी एकत्र करेंगे। जनगणना का उद्देश्य देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का सटीक आंकलन करना है, जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। सही और सटीक जानकारी देकर आप देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं, साथ ही सतर्क रहकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। इस दौरान जिले में 5327 प्रगणक जिसमे 4827 ऑन ड्यूटी एवं 499 रिजर्व एवं 830 ऑन ड्यूटी एवं 99 रिजर्व सुपरवाइजर मकानगणना का कार्य करेंगे।

 कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि जनगणना के दौरान अधिकारी आपसे केवल सामान्य एवं आधारभूत जानकारी ही प्राप्त करेंगे, जैसे कि आपके मकान/भवन का प्रकार,परिवार में कुल सदस्यों की संख्या परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन की उपलब्धता शौचालय एवं बाथरूम की स्थिति गैस कनेक्शन की जानकारी रेडियो, टीवी, केबल कनेक्शन जैसी सुविधाएं, साइकिल, मोटरसाइकिल या कार जैसी परिसंपत्तियां, परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य खाद्यान्न, मोबाइल नंबर, इन जानकारियों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा। जनगणना के दौरान आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता या वित्तीय जानकारी, किसी भी प्रकार का ओटीपी जैसी संवेदनशील जानकारी कभी भी नहीं पूछी जाएगी, इसलिए नागरिक विशेष सतर्कता बरतें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है, तो सावधान रहें और तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। जानकारी देने से पहले अधिकारी/कर्मचारी का पहचान पत्र अवश्य जांच लें। केवल अधिकृत सरकारी कर्मियों को ही जानकारी प्रदान करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

सागर (मध्यप्रदेश)- लाल साहब लोधी
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.