नवीन बस स्टेण्ड के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर ने दिए निर्देश

सागर : मोतीनगर स्थित नवीन बस स्टेण्ड से दिनांक 08.05.2026 से बसों का संचालन शुरू हो गया है। नवीन बस स्टेण्ड के सुचारू संचालन एवं यात्रियों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश दिए कि नवीन बस स्टेण्ड परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जावे, कचरे का निस्तारण हेतु डस्टबिन की व्यवस्था की जावे। जिन महिला एवं पुरूष प्रसाधन कक्ष में ताले लगे हुए है, उन्हें खुलवाया जाकर साफ-सफाई की व्यवस्था की जावे। पेयजल व्यवस्था, पानी की टंकी साफ-सफाई नियमित रूप से की जावे। यात्रियों की सुविधा के लिए जलपान की व्यवस्था हेतु दुकान आवंटन की कार्यवाही शीघ्रता के की जावे।

उन्होंने निर्देश दिए कि बस स्टेण्ड पर सभी रूटों के ऊपर इस आशय का साईन बोर्ड लगाया जाये कि इस रूट पर लगने वाली बस जैसीनगर, राहतगढ़, रायसेन, विदिशा, भोपाल, इंदौर आदि की और जा रही है। जैसीनगर, राहतगढ़, रायसेन, विदिशा, भोपाल, इंदौर की ओर जाने वाली समस्त बसों का अनुरक्षण शुल्क मोतीनगर स्थित नवीन बस स्टेण्ड पर जमा कराया जाकर तथा उसकी रसीद प्रदान किया जाना सुनिश्चित किया जाए। भोपाल, इंदौर की ओर बस संचालन करने वाले संचालकों को मोतीनगर स्थित नवीन बस स्टेण्ड पर बुकिंग काउण्टर हेतु दुकान आवंटन की जावे।
 
अवैध मदिरा विक्रय एवं सार्वजनिक स्थानों पर मदिरा पान के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्यवाही

कलेक्टर सागर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त आबकारी सागर श्रीमती कीर्ति दुबे के आदेशानुसार सागर क्षेत्रांतर्गत आबकारी विभाग द्वारा सतत जांच एवं प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 12.5.26  को वृत्त आंतरिक एवं उत्तर प्रभारी श्री सियाराम चौधरी द्वारा कंपोजिट मदिरा दुकान कटरा, गुजराती बाजार, गुरु गोविंद एवं वल्लभ नगर की सघन चेकिंग कर अवैध अहातों की जांच कार्यवाही की गई। वहीं वृत्त दक्षिण एवं वृत्त बंडा प्रभारी श्रीमती रोशनी उरेती द्वारा कंपोजिट मदिरा दुकान मकरोनिया की जांच की गई। सार्वजनिक स्थल पर अवैध मदिरा पान के विरूद्ध कार्यवाही की गई साथ ही मकरोनिया स्टेशन के समीप अवैध मदिरा विक्रय के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 2 प्रकरण कायम किए गए। इसके अतिरिक्त वृत्त बंडा क्षेत्र में भी 1 प्रकरण कायम किया गया। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा विक्रय एवं अवैध अहातों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

रिपोर्टर : लालसाहब लोधी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.