पाईप लाइन बिछाने एवं रोड रेस्टोरेशन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें — कलेक्टर
मध्यप्रदेश - सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में पूर्ण नल—जल योजनाओं को तीन महीने में हैण्डओवर करने, हैण्डओवर की गई योजनाओं के परिचालन के लिए शुल्क वसूल करने,बची हुई योजनाओं में तेजी से पाईप लाइन बिछाने एवं रोड रेस्टोरेशन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती पाल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम सहित जल योजनाओं के निर्माण में संलग्न ऐजेंसियों के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि पूर्ण हो चुकी नलजल योजनाओं को पंचायतों को शीघ्रता से हैण्डओवर की कार्यवाही पूरी करें ताकि आमजन को शीघ्रता से जल मिलना शुरू हो जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में संयुक्त भ्रमण में जो कमियाँ मिली हैं ऐसी कमियों को तेजी से सुधार कर उन्हें हैण्डओवर की स्टेज तक लाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के हैण्डओवर के लिए मासिक शेड्यूल बनाएं और शेड्यूल के अनुसार हैण्डओवर की कार्यवाही करें।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य समय सीमा में किया जाए, ताकि सड़कें यथास्थिति में वापस आ सकें। योजनाओं के अंतर्गत कनेक्शन तेजी से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रीचार्ज पिट के निर्माण की स्थिति की निगरानी भारसाधक अधिकारी व्यक्तिगत रूप से करें। कलेक्टर ने सानौधा 1 और 2 समूह जल प्रदाय योजनाओं के प्रदर्शन में कमी को देखते हुए निमार्ण ऐजेंसीं के प्रनितिधियों को निर्देशित किया कि कमियों को दूर कर योजना के कार्य को तेजी से पूर्ण करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, पीएचई और जल निगम के अधिकारी , इंजीनियर सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने सर्किट हाउस में किया वृहद पौधरोपण सर्किट हाउस क्रमांक-1 परिसर में रोपे गए आम, अमरूद, बादाम और शीशम सहित 100 से अधिक फलदार व छायादार पौधे पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशव्यापी एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत आज सागर के सर्किट हाउस क्रमांक-1 के प्रांगण में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सागर संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी, आईजी श्री मिथिलेश शुक्ला, डीआईजी श्री एस.एस. चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल और एसपी श्री अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, डीएफओ साउथ श्री वरुण यादव सहित प्रशासनिक व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने इस अवसर पर कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान न केवल प्रकृति को समृद्ध करने का प्रयास है,बल्कि यह हमारी जननी के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक पवित्र माध्यम भी है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि इस अभियान के तहत पौधों को रोपने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और जीवितता सुनिश्चित करने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विविध प्रजातियों के 100 से अधिक पौधों का रोपण
अभियान के तहत सर्किट हाउस परिसर की मिट्टी और वातावरण के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इनमें मुख्य रूप से फलदार पौधों में-आम,अमरूद,कटहल, मुनगा,छायादार व इमारती पौधों में- बादाम, शीशम,कंजी,सुगंधित व औषधीय पौधों में- चंपा,मधुकामिनी शामिल हैं। पौधरोपण कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित वन विभाग के अमले ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की देखरेख का संकल्प लिया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन,कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी साहित्य तिवारी,उप वनमण्डलाधिकारी दक्षिण श्रीमती विनिता जाटव,लखन सिंह ठाकुर,भूपेश चौधरी एवं चन्द्रप्रताप सिंह उपस्थित थे।
रिपोर्टर - लालसाहब लोधी
No Previous Comments found.