एसएससीडी गतिविधि के अंतर्गत "वन कैडेट वन ट्री" एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का आयोजन

सागर : शासकीय सांदीपनि एम.एल.बी. क्रमांक-1 विद्यालय, सागर में एसएससीडी गतिविधि के अंतर्गत "वन कैडेट वन ट्री" एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की एनसीसी अधिकारी स्मिता मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री विनय दुबे की गरिमामयी उपस्थिति में एनसीसी कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नीम, पीपल, अमलतास, करंज, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधों का वृक्षारोपण किया। सभी कैडेट्स ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।  प्राचार्य श्री विनय दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान की सराहना करते हुए इसे मातृत्व के सम्मान एवं प्रकृति संरक्षण का प्रेरणादायक प्रयास बताया। एनसीसी अधिकारी स्मिता मिश्रा ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कैडेट का यह दायित्व है कि वह अपने द्वारा लगाए गए पौधे की देखभाल कर उसे एक सुदृढ़ वृक्ष बनाए। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा की भावना विकसित करती हैं। इस अवसर पर शाला परिवार के समस्त शिक्षकगण भी उपस्थित रहे तथा सभी ने वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित कैडेट्स, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार द्वारा पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

रिपोर्टर : लाल साहब लोधी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.