ग्रीष्मकालीन मूंग-उड़द उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग और खरीदी की अवधि बढ़ी
सागर : प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के अंतर्गत वर्ष 2026 में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग एवं उपार्जन की अंतिम तिथि में वृद्धि की गई है। अब किसान 10 अगस्त 2026 तक स्लॉट बुकिंग तथा 20 अगस्त 2026 तक अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे। साथ ही जिन किसानों की ग्रीष्मकालीन मूंग की 25 प्रतिशत उपज की तुलाई हो चुकी है और पोर्टल पर फीडिंग पूर्ण हो गई है, वे अब अपनी कुल उपज का 60 प्रतिशत तक विक्रय कर सकेंगे। शेष 35 प्रतिशत उपज के विक्रय के लिए किसानों को पुनः स्लॉट बुक करना होगा। किसान स्वयं अपने मोबाइल अथवा निकटतम ऑनलाइन/कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ई-उपार्जन पोर्टल पर उपलब्ध ‘आंशिक खरीदी वाले किसान मूंग एवं उड़द’ विकल्प का उपयोग कर संबंधित खरीदी केंद्र के लिए नया स्लॉट बुक कर सकते हैं। सभी पात्र किसानों से अपील की गई है कि बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि तक स्लॉट बुकिंग कराएं और अपनी मूंग एवं उड़द उपज का विक्रय सुनिश्चित करें।
पात्र बच्चों को चिन्हित कर आश्रम शालाओं में प्रवेश दिलाने के निर्देश
सागर 1 अगस्त 2026
कलेक्टर सागर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा विगत दिवस गढ़ाकोटा में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित आश्रम शाला के निरीक्षण के दौरान छात्रावास में रिक्त स्थानों की पूर्ति के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी रहली श्री कुलदीप पाराशर द्वारा आज सभी छात्रावासों के अधीक्षकों एवं आसपास की अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम पंचायतों के कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी छात्रावासों में उपलब्ध एवं रिक्त स्थानों की जानकारी ली गई। अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों तथा सीनियर छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के सहयोग से कक्षा एक से पांच तक के पात्र बालकों को आश्रम शाला में प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पात्र बच्चों को चिन्हित कर उनके पालकों से चर्चा करने तथा आश्रम शाला में उपलब्ध सभी रिक्त स्थानों पर प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्टर : लालसाहब लोधी
No Previous Comments found.