डायमंड शोरूम में चोरी के मामले का खुलासा, पांच गिरफ्तार
सहारनपुर : थाना सदर बाजार, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने दिल्ली रोड पर टाटा कंपनी के डायमंड शोरूम में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने के लिए चोर ने दिन-रात छत पर बिताई। मुख्य आरोपी ने अपनी मां, भाई और भाभी के साथ ही गिरोह बना रखा था। पुलिस ने तीन करोड़ के हीरे, सोने के आभूषण व 45 हजार रुपये बरामद किए।
पुलिस लाइन में एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि 22 जनवरी की रात दिल्ली रोड पर टाटा कंपनी के कैरटलेन डायमंड शोरूम में चोरी हुई थी। शोरूम के स्टोर मैनेजर ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। चोर शोरूम की दीवार काटकर अंदर घुसा था और कीमती आभूषण व नकदी चोरी कर ली थी। मंगलवार को पुलिस ने रेलवे की छोटी लाइन के पास से इरशाद उर्फ काला, भाई दिलशाद, मां काली, भाभी सीमा व सलमा को गिरफ्तार किया है। ये सभी शैतान चौक कलियर व बांजारों का मोहल्ला भगवानपुर जिला हरिद्वार के रहने वाले हैं। इनके पास से नौ नेकलेश, 67 ब्रेसलेट, 17 मंगलसूत्र, 32 जोड़े ईयर रिंग, दो गले के सेट, 18 पेंडेंट, तीन चार्मस, 90 अंगूठी, 32 चैन, 11 चूड़ी, 40 पीस सोने के आभूषण और 45 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। इनकी कीमत करीब तीन करोड़ बताई जा रही है।
रिपोर्टर : नरेश कुमार
No Previous Comments found.