स्मार्ट मीटर के विरोध में भाकियू तोमर का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर - रामपुर मनिहारान। गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने मंडल प्रभारी मुजीबुर्रहमान इदरीसी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। ज्ञापन में बताया गया कि विद्युत विभाग द्वारा क्षेत्र के अधिकांश उपभोक्ताओं के यहां पहले स्मार्ट मीटर लगाए गए, जिन्हें बाद में बिना स्पष्ट जानकारी दिए प्रीपेड प्रणाली में परिवर्तित कर दिया गया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि मीटर लगाते समय उन्हें इसके प्रीपेड होने की जानकारी नहीं दी गई थी। इतना ही नहीं, कई स्थानों पर बिना अनुमति के ही मीटर लगाए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र का एक बड़ा वर्ग आर्थिक रूप से इतना सक्षम नहीं है कि अचानक बिजली कटने की स्थिति में तुरंत अग्रिम धनराशि जमा कराकर आपूर्ति बहाल करा सके। इस कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ऊर्जा मंत्री द्वारा प्रीपेड स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त किए जाने के बाद अब कई उपभोक्ता पुनः पुराने मीटर लगवाने के इच्छुक हैं। ऐसे में संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत विभाग को निर्देशित किया जाए कि जो उपभोक्ता पुराने मीटर लगवाना चाहते हैं, उनके मीटर शीघ्र बदले जाएं तथा पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए। इस दौरान असद मियां, मुस्तकीम, रियाज, रहमान सभासद, शादाब, मुर्तजा, सोहनवीर, गौरव, राहुल, विशाल, फैजान, सोनू टिकरोल, हाफिज काजिम, सलीम, अब्दुल रहमान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर - नरेश कुमार

No Previous Comments found.