रामपुरमनिहारान मैन बाजार स्थित पंसारी की दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला

सहारनपुर : नगर के मुख्य बाजार स्थित एक पंसारी की दुकान में रविवार को अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मैन बाजार में अमित गोयल की पंसारी की दुकान में अचानक धुआं उठने के बाद आग की लपटें दिखाई दीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास की दुकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना पर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप बालियान एवं वरिष्ठ समाजसेवी रविंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की तत्परता की सराहना की।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) भी घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के कार्य की निगरानी की। उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों एवं एयर कंडीशनर का सावधानीपूर्वक उपयोग करें तथा आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या अग्निशमन विभाग को दें, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

रिपोर्टर : नरेश कुमार

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.