रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत, शव रखकर लगाया जाम
रामपुर मनिहारान : रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और रेलवे ओवरब्रिज को दोनों ओर से चालू कराने की मांग की।
नानौता थाना क्षेत्र के गांव सिखेड़ा निवासी 26 वर्षीय कृष्ण पुत्र हुकम सिंह सोमवार सुबह निजी कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा था। जैसे ही वह रामपुर मनिहारान रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा, सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों व ग्रामीणों ने शव उठाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद उन्होंने शव को शहरी पुल चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण लगभग पूरा होने के बावजूद पिछले करीब दो माह से केवल एक तरफ का मार्ग ही चालू किया गया है। इससे वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने ओवरब्रिज को दोनों ओर से तत्काल चालू करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर एसडीएम डॉ. पूर्वा शर्मा सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। वहीं पुलिस ने फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और जाम जारी था। मृतक कृष्ण अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर : नरेश
No Previous Comments found.