किराना दुकान से चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
सहारनपुर : पुलिस ने बाजार स्थित किराना दुकान से नकदी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की रकम में से 13,640 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को मोहल्ला सरावज्ञान निवासी राकेश कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दुकान के गल्ले से करीब 70 हजार रुपये चोरी होने की तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना नानौता में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 जुलाई की रात सुल्फर रोड से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वाजिद पुत्र उस्मान निवासी सिरसला खेड़ा अफगान थाना नकुड़ तथा शारिक पुत्र इमरान निवासी टिपियाना खेड़ा अफगान थाना नकुड़ के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब दस दिन पहले नानौता के मुख्य बाजार में स्थित एक बेकरी के पास परचून की दुकान के गल्ले से भी करीब 25 हजार रुपये चोरी किए थे। चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए दोनों पहले मोटरसाइकिल से रेकी करते थे और मौका मिलने पर नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने चोरी की रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया था, जबकि शेष नकदी उनके कब्जे से बरामद कर ली गई।
रिपोर्टर : नरेश कुमार
No Previous Comments found.