साहबजी नगर में होम कम्पोस्टिंग कर घर के बाहर विकसित किया गया एक गार्डन

सहारनपुर : प्रदेश के नगर विकास विभाग ने स्वच्छ वसंत प्रतियोगिता में सहारनपुर नगर निगम को पुरस्कार के लिए नामित किया है। यह प्रतियोगिता प्रदेश के सभी निगमों, नगर पालिकाओं व नगर पंचायत स्तर पर 12 जनवरी से 24 फरवरी 2024 तक आयोजित की गयी थी। 17 नगर निगमों में से सहारनपुर के अलावा लखनऊ एवं कानपुर को भी पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

अपर नगरायुक्त एस के तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर निकाय स्तर पर गत 12 जनवरी से 24 फरवरी तक स्वच्छ वसंत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें निकायों द्वारा प्रतियोगिता के नियमानुसार आयोजित गतिविधियों के आधार पर प्रदेश नगर विकास विभाग ने प्रदेश के 17 नगर निगमों में से तीन नगर निगमों सहारनपुर, लखनऊ व कानपुर को पुरस्कार के लिए नामित किया है। अपर नगरायुक्त ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत जिन गतिविधियों को निगमों द्वारा दर्शाया गया है लखनऊ से एक टीम उक्त निगमों में पहुंचकर उनका स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन करेगी। उसके अधार पर ही तीनों निगमों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार दिया जायेगा।

तिवारी ने बताया कि नगर निगम सहारनपुर ने अपने कर्मचारियों के अलावा सहयोगी एनजीओ उमंग, फोर्स व स्पेस सोसायटी वालंटियर्स के सहयोग से वार्डो में जाकर लोगों को अपने आंगन, टेरिस व बॉलकनी आदि में गार्डन बनाने के लिए तथा पार्को में वाल पंेटिंग के माध्यम से स्वच्छता के प्रति संदेश, कॉलोनियों में कचरा प्रबंधन आदि के सम्बंध में लोगों को प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य लोगों को अपनी कॉलोनी व सोसायटी को स्वच्छता और अपने परिवेश को स्वच्छ रखने तथा अपने घर व प्रतिष्ठान के आसपास के क्षेत्र को पेड़-पौधों से साज सज्जा करने के प्रति जागरुक करना था। उन्होंने बताया कि बेस्ट ऑफिस गॉर्डन, बेस्ट टेरिस गॉर्डन, बेस्ट बॉलकनी गॉर्डन, बेस्ट होम कम्पोस्टिंग, बेस्ट रिसाइकिल पॉट्स, बेस्ट रिसाइकिल इनोवेशन आदि वर्गो में प्रतियोगिता आयोजित की गयी।

अपर नगरायुक्त ने बताया कि शहर के 46 पार्को में पिट्स बनाये बनाये गए जिनमें वहां पेड़-पौधों से गिरने वाले पत्तों को एकत्रित कर खाद बनायी गयी। नगर निगम द्वारा निगम परिसर और गांधी पार्क सहित शहर के अनेक पार्को में पौधारोपण किया गया। महानगर की माधव नगर, पैरामाउण्ट, ग्रीन पार्क, स्टेट बैंक कॉलोनी व साहबजी नगर कॉलोनी में लोगों को टेरिस गार्डन व होम कंपोस्टिंग तथा घर के बाहर लॉन आदि के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम में भी महापौर व नगरायुक्त कार्यालय परिसर की पौधों से साज-सज्जा की गयी।


रिपोर्टर : सुरेंद्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.