बाणेश्वर महोत्सव के मंच पर मिष्टी का शानदार पर्दापण,उग्रतारा महोत्सव के बाद देवना में नृत्य से बिखेरा जादू

सहरसा : कला संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कहरा प्रखंड क्षेत्र के देवना में आयोजित बाणेश्वर महोत्सव में युवा प्रतिभा मिष्टी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। बीते वर्ष उग्रतारा महोत्सव में सराहना बटोरने के बाद मिष्टी ने इस बार बाणेश्वर महोत्सव के मंच से अपना पर्दापण किया और पहली ही प्रस्तुति में खूब वाहवाही लूटी।

मिष्टी के मंच पर पहुंचते ही पंडाल तालियों की गूंज से भर उठा। दर्शकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए उसकी हौसला-अफजाई की। एकल प्रस्तुति में मिष्टी ने …ए गिरी नंदनी और …जय काली जय काली मां जैसी भक्तिमय धुनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को पूरी तरह भक्ति रस में रंग दिया। उसके भाव, लय और मंच पर आत्मविश्वास ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम गायिका सौम्या मिश्रा के साथ मिष्टी की संगत विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी ने मंच पर नई ऊर्जा भर दी। …बम बम बोल रहा है काशी सहित अन्य गीतों पर मिष्टी की सटीक संगत, अभिव्यक्ति और सहज नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हर प्रस्तुति के बाद तालियों और जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।महोत्सव के समापन पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा और बनगांव थानाध्यक्ष पुनि हरिश्चंद्र ठाकुर ने मिष्टी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उसकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।देवना में मिष्टी का यह पर्दापण दर्शकों के बीच लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा। युवा कलाकार की सफलता ने स्थानीय प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का काम किया और बाणेश्वर महोत्सव की शाम को यादगार बना दिया।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.