श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र का 138 वां जन्म महोत्सव सह विराट सत्यसंग समारोह आयोजन की तैयारी प्रारंभ

सहरसा : जिले के नगर परिषद सिमरी बख्तियारपर के उच्च विद्यालय मैदान में आगामी एक मार्च को श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र का 138 वां जन्म महोत्सव सह विराट सत्संग समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं और कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप देने का काम युद्धस्तर पर जारी है। आयोजन स्थल पर विशाल एवं सुसज्जित पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जहां हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा सहायता तथा सुरक्षा की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया जा सके। समिति के सदस्यों ने बताया कि समारोह में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सत्यसंग प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, प्रवचन, सत्यसंग, प्रसाद वितरण तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर स्वयंसेवकों की टीम भी गठित कर दी गई है, जो व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है। समिति ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर संत के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की है। जन्म महोत्सव को लेकर आसपास के गांवों एवं शहरवासियों में अभी से उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और श्रद्धालु आयोजन की तैयारियों में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.