राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन
सहरसा : राजकीय पॉलिटेक्निक में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में मेन्टल हेल्थ एवरनेस एंड मेन्टल वेल बीयिग विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सकारात्मक एवं संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा नई उम्मीद ए बेटर टुमोरो थीम के अंतर्गत किया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बी के स्नेहा बहन एवं बी के तरूण उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, ध्यान (मेडिटेशन) तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन में सही निर्णय लेने, चुनौतियों का सामना करने और सफलता प्राप्त करने में सक्षम होता है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शांत एवं एकाग्र रखने की विधि भी बताई।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी एवं तनावपूर्ण वातावरण में मानसिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में अत्यंत सहायक होते हैं। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार द्वारा दोनों मुख्य वक्ताओं को बुके एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. ज्योति मणि ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाने, तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने तथा अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता वर्तमान समय की आवश्यकता है और ऐसे कार्यक्रम छात्रों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में संस्थान के व्याख्यातागण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान के व्याख्यातागण प्रो चन्द्र भूषण सिंह, प्रो पंकज कुमार, प्रो धर्मेन्द्र कुमार, प्रो शुभम, प्रो विक्रम कुमार,प्रो सूरज कुमार, प्रो घनश्याम कुमार, प्रो कुल शेखर मेहता, प्रो लक्ष्मी केजरीवाल, प्रो श्वेता शरण भारतीय, प्रो आरती कुमारी,प्रो निभा कुमारी, प्रो सारिका कुमारी, प्रो दीपशिखा, प्रो सुरभि,प्रो मिथिलेश कुमार, प्रो एम डी कलाम अली, प्रो ओमकार राय, प्रो सौरभ कुमार एवं प्रो संजय कुमार उपस्थित थे। सभी प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया। यह कार्यक्रम छात्र-छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने तथा उन्हें एक बेहतर और संतुलित भविष्य की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
रिपोर्टर : अजय कुमार

No Previous Comments found.