बाल संरक्षण विषय पर एक दिवसीय विचार गोष्ठी सह प्रशिक्षण आयोजित
सहरसा : कोशी प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में बाल संरक्षण के विषय पर आयोजित एक दिवसीय विचार-गोष्ठी-सह-संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को प्रेक्षा गृह के सभा कक्ष में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित तीनों जिले के सिविल सर्जन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, श्रम अधीक्षक, अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला खेल पदाधिकारी सहित बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति , किशोर न्याय परिषद एवं बालकों के आवासन से संबंधित संस्थाओं के प्रधान सहित सभी शेयरधारक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से आयुक्त, कोशी प्रमंडल एवं तीनों जिलों के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उद्घाटन अभिभाषण में आयुक्त, कोशी द्वारा आज के प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि बच्चों की सुरक्षा, देखरेख, संरक्षण, पुनर्वास और उनके अधिकारों की प्रभावी सुनिश्चिता की दिशा में एक साझा, संस्थागत और उत्तरदायी पहल है। बाल संरक्षण एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पुलिस, विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय परिषद, जिला बाल संरक्षण इकाई, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चाइल्डलाइन, बाल देखरेख संस्थानों तथा जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों की संयुक्त भूमिका आवश्यक है ।इसके पूर्व जिला पदाधिकारी, सहरसा द्वारा अपने उद्भोषण में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा सहित बाल संरक्षण के तहत विभिन्न योजनाओं यथा परवरिश, स्पॉनरशिप सहित अन्य योजनाओं की जानकारी एवं सहयोग की साथर्कता के बारे में बताया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग से आए पदाधिकारी विकास कुमार एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में आए सुनील झा व भगवान पाठक द्वारा सभी प्रतिभागियों को किशोर न्याय अधिनियम, किशोर न्याय नियमावली के विभिन्न प्रावधानों, नियमों एवं कार्य में प्रयुक्त विभिन्न प्रारूपों की उपयोगिताओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आए हुए बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य के द्वारा सवालों का भी उत्तर भी रिसोर्स पर्सन द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला बाल संरक्षण इकाई, सहरसा के सहायक निदेशक बाल संरक्षण, बाल संरक्षण पदाधिकारी एवं अन्य के द्वारा किया गया।
रिपोर्टर : अजय कुमार

No Previous Comments found.