125 यूनिट मुफ्त बिजली के बावजूद बकाया रखने वालों पर विभाग की सख्ती
सहरसा : जिले में बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कनेक्शन काटने की कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग द्वारा राजस्व वसूली को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव और शहरी मोहल्लों में टीम भेजकर बकायेदार उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल जमा करने की अपील की जा रही है। इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहरसा ई. अमित कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी गई है। इसके बावजूद कई उपभोक्ता अपने पुराने बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे विभाग को राजस्व वसूली में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समय पर बिजली बिल का भुगतान आवश्यक है। बकाया रहने से विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिन उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये से अधिक तथा शहरी क्षेत्रों में 5 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया है, उनके खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। कनेक्शन कटने के बाद पुनः आपूर्ति बहाल कराने के लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित री-कनेक्शन शुल्क देना होगा, जिसमें सिंगल फेज के लिए 100 रुपये तथा तीन फेज छोटे उद्योगों के लिए 900 रुपये निर्धारित है। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से क्षेत्रों में जांच कर रही है। 15 मार्च तक चलाए गए अभियान के दौरान 575 बकायेदार उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन विच्छेद किया गया, जबकि 2955 उपभोक्ताओं ने बकाया राशि का भुगतान किया। इसके साथ ही चालू माह में 69 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि मुख्यालय द्वारा मार्च माह में सभी प्रशाखाओं को कम से कम 25 प्राथमिकी दर्ज करने का लक्ष्य दिया गया है। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गयी है कि वे जल्द से जल्द अपना बकाया बिजली बिल जमा करें, ताकि कनेक्शन कटने जैसी असुविधा से बचा जा सके। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
रिपोर्टर : अजय कुमार

No Previous Comments found.