नेट और गेट में शानदार सफलता हासिल कर आकांक्षा झा बनी युवाओं के लिए प्रेरणा
सहरसा : जिले की बेटी आकांक्षा झा ने अपनी मेहनत और लगन से एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।आकांक्षा झा ने दूसरे प्रयास में गेट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 36 हासिल की है। साथ ही उन्होंने नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण हुई है, जो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।जिले के सौरबाजार प्रखंड के रहुआ,रामपुर निवासी आकांक्षा झा ने केंद्रीय विद्यालय, सहरसा से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। उनका विषय दर्शनशास्त्र रहा है और आगे चलकर वे इसी क्षेत्र में प्रोफेसर बनना चाहती हैं।नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट को विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए अनिवार्य माना जाता है। ऐसे में आकांक्षा की यह सफलता न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उन छात्रों के लिए भी प्रेरणा है जो अकादमिक क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।नेट पास करने से न केवल शिक्षण के अवसर खुलते हैं, बल्कि रिसर्च और फेलोशिप के रास्ते भी आसान हो जाते हैं।आकांक्षा अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता देती हैं।आकांक्षा के पिता मुनमुन झा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और माता रश्मि रंजन झा गृहिणी हैं। उनके माता-पिता का कहना है कि आकांक्षा शुरू से ही पढ़ाई में तेज और लगनशील रही है। आज उनकी यह उपलब्धि पूरे परिवार सहित जिले के लिए गर्व का विषय है और युवाओं के लिए एक संदेश है कि सही मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।इस शानदार उपलब्धि के लिए आकांक्षा को खूब बधाई दी जा रही है।
रिपोर्टर : अजय कुमार

No Previous Comments found.