जिला अस्पताल में फेरिस कार्बॉक्सी मालटोज इंजेक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ
सहरसा : जिला अस्पताल सहरसा में आज मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत फेरिस कार्बॉक्सी मालटोज इंजेक्शन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय द्वारा पटना स्थित ऊर्जा स्टेडियम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय आयोजन में किया गया। जिसमें सभी जिलों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।जिला अस्पताल सहरसा में आयोजित कार्यक्रम में डॉ हरिशेखर भारती प्रभारी सिविल सर्जन,जिला अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ एस एस मेहता, विनय रंजन , जिला कार्यक्रम प्रबंधक , श्रीमती कंचन कुमारी, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी, राहुल किशोर, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी, पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में त्वरित एवं प्रभावी सुधार सुनिश्चित करना है।फेरिस कार्बॉक्सी मालटोज इंजेक्शन एक आधुनिक एवं प्रभावशाली उपचार पद्धति है, जिसके माध्यम से कम समय में हीमोग्लोबिन स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रत्येक जिले में 20 चिन्हित गर्भवती महिलाओं को यह इंजेक्शन प्रदान किया गया। चिकित्सकीय आंकड़ों के अनुसार, इस इंजेक्शन की एक खुराक से औसतन 2.5 ग्राम तक हीमोग्लोबिन में वृद्धि देखी जा रही है, जो इसे एनीमिया प्रबंधन के लिए अत्यंत कारगर बनाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से न केवल गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं में कमी आएगी और राज्य में मातृ मृत्यु दर को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह कार्यक्रम सुरक्षित मातृत्व एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो “स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु” के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।
रिपोर्टर : अजय कुमार
No Previous Comments found.