रामनवमी सामाजिक समरसता और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश देती है : महापौर बेन प्रिया

सहरसा : शहर मुख्यालय स्थित बटराहा के प्राचीन बजरंगबली मंदिर में रामनवमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम की महापौर बेन प्रिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बन गया और जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा।इस अवसर पर महापौर बेन प्रिया ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश देने वाला महोत्सव है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन से हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। आज के समय में समाज को इन्हीं मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। महापौर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हमारी सांस्कृतिक विरासत जीवित रहती है और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति की ओर से महापौर बेन प्रिया को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। इस सम्मान के लिए महापौर ने आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे नगर निगम और शहरवासियों का है।कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। इस मौके पर काली कांत झा, सुभाष चंद्र खां, चंद्रमोहन ठाकुर, जवाहर पाठक, बबन झा, गुड्डू राय, रामनाथ झा, उपेंद्र पासवान, सहदेव यादव, गणेश मिश्र, डब्लू गुप्ता, झुनंकु गुप्ता, वरुण ठाकुर, विनय पाठक, नितिन ठाकुर, मन्ना चौधरी, अजीत यादव, धीरज झा, सुभाष झा, रामकुमार सिंह, कृष्णमोहन चौधरी, अमित दौलत, अरुण कुंवर, परशुराम सिंह, बबलू चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रसिद्ध गायिका शारदा झा ने मैथिली सोहर और समदाउन गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। वहीं गायक मुरारी सिंह और अर्जुन सिंह ने राम भजन, लक्ष्मीनाथ और विद्यापति के गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा और भक्तों ने भगवान राम की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के तहत आगे भी कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.