सत्य के साथ खड़ा है कोशी विकास संघर्ष मोर्चा, BNMU प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग”
सहरसा : भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) से जुड़े हालिया घटनाक्रम, जिसमें कुलपति डॉ. विमलेन्दु शेखर झा पर एक महिला कर्मी द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए हैं, पूरे कोशी क्षेत्र में व्यापक चिंता और चर्चा का विषय बना दिया है।इस संदर्भ में कोशी विकास संघर्ष मोर्चा, के अध्यक्ष विनोद कुमार झा और संरक्षक प्रवीण आनंद ने अपना स्पष्ट और संतुलित रुख व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा संगठन न तो किसी के पक्ष में है और न ही विरोध में, बल्कि हम केवल “सत्य और न्याय” के साथ दृढ़ता से खड़े हैं।मोर्चा का मानना है कि एक ओर जहां महिला की गरिमा, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, वहीं दूसरी ओर बिना निष्पक्ष जांच के किसी भी व्यक्ति को दोषी ठहराना न्याय के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है।अतः, मोर्चा कुलाधिपति एवं संबंधित प्राधिकारों से मांग करता है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए।जांच किसी स्वतंत्र एवं विश्वसनीय समिति (जैसे आंतरिक शिकायत समिति ICC या महिला आयोग) के माध्यम से कराई जाए।जांच के दौरान दोनों पक्षों की गरिमा, सुरक्षा एवं अधिकारों की पूर्ण रक्षा सुनिश्चित की जाए।जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए, ताकि आमजन के समक्ष सत्य स्पष्ट हो सके।मोर्चा यह भी अपील करता है कि समाज के सभी वर्ग इस संवेदनशील मुद्दे पर संयम और जिम्मेदारी का परिचय दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने से बचें।
अंत में, मोर्चा का स्पष्ट मत है कि“दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के अनुसार कठोर दंड मिले, और यदि आरोप असत्य सिद्ध हों तो निर्दोष की प्रतिष्ठा पूर्ण रूप से बहाल की जाए।”कोशी विकास संघर्ष मोर्चा इस पूरे प्रकरण पर सतत निगरानी बनाए हुए है और जनहित में आवश्यकतानुसार आगे भी उचित कदम उठाएगा।
रिपोर्टर : अजय कुमार


No Previous Comments found.