पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सहरसा में सोलर मेला सह लोन मेला आयोजित
सहरसा : आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सोलर अधिष्ठापन में तेजी लाने हेतु जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में बुधवार को प्रेक्षागृह भवन परिसर में विद्युत विभाग एवं बैंकों के संयुक्त तत्वावधान में सोलर मेला सह लोन मेला का सफल आयोजन किया गया।इस मेले का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें योजना से जोड़ना था। मेले में विशेषज्ञों एवं तकनीकी टीम द्वारा सोलर पैनल की स्थापना, कार्यप्रणाली, रख-रखाव, लागत, अनुदान (सब्सिडी) तथा इससे होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। मेले की विशेषता यह रही कि इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे वे तुरंत आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू कर सके। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स एवं एजेंसियों ने भाग लेकर उपभोक्ताओं को उपयुक्त सोलर समाधान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।विद्युत अधीक्षण अभियंता, सहरसा ई. संतोष कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने पर सरकार द्वारा अनुदान प्रदान किया जाता है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त, सोलर संयंत्र स्थापना हेतु बैंकों के माध्यम से लगभग 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर 2 लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में अब तक 75 उपभोक्ताओं के छत पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमे से 68 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो चूका है। मेले में स्थानीय वेंडरों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके द्वारा आश्वस्त किया गया कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत निर्धारित समयावधि में सोलर पैनल का अधिष्ठापन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, करारनामा अवधि के अंतर्गत 7 वर्षों तक निःशुल्क मरम्मत एवं रख-रखाव की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि इस योजना को जन जन तक पहुंचाई जाय तथा अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सोलर अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल में कमी लाती है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगे बताया कि इस ऋण की अदायगी शहरी क्षेत्रों में 4 से 5 वर्षों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 7 से 8 वर्षों की अवधि में की जा सकती है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है। उपभोक्ता अपनी बिजली खपत के अनुसार सोलर पैनल की क्षमता का चयन कर सकते हैं। 150 यूनिट तक की खपत के लिए 1 किलोवाट, 300 यूनिट तक के लिए 2 किलोवाट तथा 300 यूनिट से अधिक के लिए 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता उपयुक्त है। सोलर पैनल से उत्पादित बिजली का उपयोग घरेलू कार्यों में किया जा सकता है तथा अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर बिजली बिल में समायोजन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त होता है। सोलर पैनल हेतु प्रति किलोवाट लगभग 100 वर्गफुट छत की आवश्यकता होती है तथा उचित रख-रखाव के साथ सोलर पैनल लगभग 25 वर्षों तक सुचारु रूप से कार्य करते हैं।विद्युत विभाग ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए एक अत्यंत लाभकारी एवं भविष्य उन्मुख पहल है। इससे न केवल बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। सभी उपभोक्ता इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने घरों में सोलर अधिष्ठापन कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, निशांत अपर समाहर्ता, राजु कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, आलोक कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी बैंकर्स दीपक कुमार वरीय प्रबंधक राजस्व, विद्युत आपूर्ति अंचल, राजन कुमार वरीय प्रबंधक आई टी विद्युत आपूर्ति, अंचल विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार , विद्युत कार्यपालक अभियंता सिमरी बख्तियारपुर अजीत कुमार, जिले के सभी सहायक अभियंता सहरसा। शहरी, सहरसा ग्रामीण, सिमरी बख्तियारपुर, सोनवर्षा, एवं लेखा पदाधिकारी सहरसा, एव सभी सहरसा जिला अंतर्गत विद्युत विभाग सभी कनीय विद्युत अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी मैनेजर आई टी प्रबंधक सहरसा, सहायक आई टी प्रबंधक सहरसा शहरी , सिमरी बख्तियारपुर, सभी विद्युत विभाग के कार्यपालक सहायक, सभी जोनल मैनेजर,सभी सुरभाईजर, एम आर सी, मानव बल उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अजय कुमार


No Previous Comments found.