टीईटी-एसटीईटी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज का कांग्रेस पार्टी ने जताया आक्रोश

सहरसा : राजधानी पटना में टीईटी-एसटीईटी अभ्यर्थियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरुद्ध शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमिटी, सहरसा द्वारा जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार झा की अध्यक्षता में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर राजधानी पटना में टीईटी-एसटीईटी अभ्यर्थियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई।जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार झा ने कहा कि बिहार में लाखों शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं।विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है।इसके बावजूद सरकार टीआरई-4 की बहाली निकालने में लगातार देरी कर रही है। अपने हक और रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं और अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बर कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक है।उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को सड़कों पर घसीटकर पीटना, महिलाओं एवं युवाओं के साथ दुर्व्यवहार करना लोकतंत्र पर हमला है। बिहार के मेहनती और योग्य नौजवान रोजगार मांग रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें नौकरी देने के बजाय लाठियां दे रही है। जिला कांग्रेस कमिटी इस दमनकारी कार्रवाई की घोर भर्त्सना करती है तथा अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन करती है।इस अवसर पर केशर कुमार सिंह ने कहा कि बिहार के युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों और बहाली प्रक्रिया में देरी के कारण हजारों अभ्यर्थी उम्र सीमा पार कर चुके हैं। रोजगार की मांग करना कोई अपराध नहीं है।उन्होंने कहा कि पटना में जिस प्रकार से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे टीईटी-एसटीईटी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया, उसने पूरे बिहार को शर्मसार किया है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।जिला कांग्रेस कमिटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि टीआरई-4 की बहाली प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाए, घायल अभ्यर्थियों को उचित उपचार एवं मुआवजा दिया जाए तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर एन एस यूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार, जिला इंटक अध्यक्ष सत्यनारायण चौपाल, बैद्यनाथ झा, मो.ख्वाजा समेत अनेक कांग्रेस पधाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.