तांती ततवा समाज सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर : डॉ धनोज कुमार
सहरसा : जिले के नवहट्टा प्रखंड के केदली पंचायत अंतर्गत असेर गांव में तांती समाज की नाबालिग बच्ची के साथ हुए घिनौने सामूहिक बलात्कार की घटना एवं नगर निगम क्षेत्र के पटुआहा गांव में तांती समाज की महिला के साथ बालात्कार की कोशिश की घटना ने पूरे समाज को आक्रोशित एवं मर्माहत कर दिया है। इस अमानवीय घटना के खिलाफ तांती ततवा समाज में भारी रोष व्याप्त है। समाजसेवी एवं पूर्व मधेपुरा लोकसभा प्रत्याशी डॉ धनोज कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ये दोनों घटना केवल एक बेटी एवं महिला के सम्मान पर हमला नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता और स्वाभिमान पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन अविलंब दोषियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई नहीं करती है, तो तांती ततवा समाज सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।डॉ धनोज कुमार ने शासन एवं प्रशासन से मांग किया कि घटना में शामिल सभी अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोर सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने समाज के सभी युवाओं, बुद्धिजीवियों, माताओं, बहनों एवं क्रांतिकारी साथियों से एकजुट होकर न्याय की लड़ाई में आगे आने का आह्वान किया।डॉ धनोज कुमार ने कहा कि इस गंभीर घटना को लेकर तांती ततवा समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक बहुत जल्द आयोजित की जाएगी, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। बैठक की तिथि, समय एवं स्थान की सूचना सभी लोगों को समय रहते दे दी जाएगी।उन्होंने कहा कि तांती समाज अब अन्याय और अत्याचार को चुपचाप सहने वाला नहीं है। समाज की बेटी के सम्मान और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
रिपोर्टर : अजय कुमार


No Previous Comments found.