जन कल्याण शिविर में लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट योजना एवं लाभ की दी गई जानकारी
सहरसा : जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने तथा आम नागरिकों के लिए योजनाओं का लाभ प्राप्त करना सहज एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से आयोजित इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट योजना लाभ प्रदान करने के साथ-साथ योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार सिमरी बख्तियारपुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने आयोजित जन कल्याण शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा शिविर आयोजन के उद्देश्य के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।उक्त अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभों का वितरण किया गया।अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय सिमरी बख्तियारपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
रिपोर्टर : अजय कुमार
No Previous Comments found.