एसडीएम आलोक राय ने पोखर पार पर मजबूत बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिये
सहरसा : आगामी श्रावणी मेला को लेकर जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कांठो स्थित बाबा मटेश्वर धाम मंदिर में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई है। बुधवार दोपहर बाबा मटेश्वर धाम मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) आलोक राय ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और श्रावणी मेला के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित व कतारबद्ध करने के लिए पोखर पार पर मजबूत बैरिकेडिंग तैयार करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग (भवन प्रमंडल, सहरसा) के कार्यपालक अभियंता को दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन संबंधी कार्य 27 जुलाई तक पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद एसडीएम आलोक राय लगातार कार्यस्थल पर मौजूद रहकर तैयारियों की निगरानी करते रहे। उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता को देखकर स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने प्रशासन की पहल की सराहना की तथा विश्वास जताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला पहले से अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा।इस अवसर पर बाबा मटेश्वर धाम मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष मुन्ना भगत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अजय कुमार
No Previous Comments found.