कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु मजिस्ट्रेट एवं सुरक्षाबलों की प्रतिनियुक्ति की मांग

सहरसा : जिले कर सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा मटेश्वर धाम कांठो में श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी को लाखों की संख्या में डाकबम एवं कांवरिया श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। श्रद्धालु मुंगेर राजघाट, छर्रापट्टी से गंगाजल लेकर मानसी–बदला–धमारा होते हुए सिमरी बख्तियारपुर के रास्ते बाबा मटेश्वर धाम पहुंचते हैं। पिछली सोमवारी के दौरान धमारा घाट स्थित कात्यायनी स्थान के समीप रेलवे पुल संख्या 47, 50 एवं 51 पर घंटों तक महाजाम की स्थिति बनी रही। उक्त तीनों पुल खगड़िया जिले के अंतर्गत आते हैं। पुलों की चौड़ाई कम होने, वाहनों के दबाव तथा डायवर्सन के समीप संवेदनशील एवं खतरनाक प्वाइंट होने के कारण डाकबम एवं कांवरिया श्रद्धालुओं को पैदल आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से उक्त पुल रेलवे की पुरानी/रिटायर्ड छोटी लाइन से संबंधित होने के कारण इसकी चौड़ाई सीमित है। श्रावणी सोमवारी के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ एवं वाहनों के परिचालन को देखते हुए यहां विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

बाबा मटेश्वर धाम न्यास समिति कांठो,सिमरी बख्तियारपुर के उपाध्यक्ष मुन्ना भगत ने जिलाधिकारी सहरसा को पत्र लिख  खगड़िया जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आगामी सोमवारी के अवसर पर निम्न व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
1. रविवार की संध्या 6:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक पुल संख्या 47, 50 एवं 51 पर मोटरसाइकिल को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रूप से रोक लगाई जाए।
2. उक्त तीनों पुलों एवं आसपास के संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षाबलों की प्रतिनियुक्ति की जाए।
3. डाकबम एवं कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम पैदल आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
4. पुल, डायवर्सन एवं आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराई जाए। पिछली सोमवारी के दौरान प्रकाश की समुचित व्यवस्था के अभाव में श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई थी।
5. दोनों जिलों के संबंधित पदाधिकारियों के बीच पूर्व समन्वय स्थापित कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मुन्ना भगत ने जिलाधिकारी के पत्र में ध्यान आकृष्ट किया है की लाखों की संख्या में आने वाले डाकबम एवं कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। अतः संभावित जाम, दुर्घटना एवं किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उपर्युक्त 
व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित कराने हेतु खगड़िया जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश/समन्वय प्रदान कराने का ध्यान 
आकृष्ट किया है।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.