जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण

साहेबगंज :  जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम (EVM) वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव तथा प्रबंधन का गहन जायजा लिया।

उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण प्रदान करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षित अभिरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे

रिपोर्टर : संतोष शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.