सलमान खान की रामायण के मेकर्स को सलाह, बोले- कहानी पर हो चर्चा

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मेय वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनकी फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसके लॉन्च इवेंट में सलमान खान ने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी अपनी बात कही। सलमान ने फिल्म के मेकर्स को एक खास सलाह देते हुए कहा कि चर्चा फिल्म के बजट और VFX की जगह इसकी कहानी पर होनी चाहिए।

रामायण के बजट और VFX पर क्या बोले सलमान खान?

‘मातृभूमि’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में जब सलमान खान से फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि रामायण की चर्चा इसके बजट, VFX और CGI के बजाय इसकी कहानी के आधार पर होनी चाहिए।सलमान ने कहा, "मुझे बस लगता है कि रामायण की चर्चा रामायण पर होनी चाहिए, न कि VFX और कॉस्ट ऑफ प्रोडक्शन पर। मुझे लगता है कि यह कहानी 4,000 करोड़ रुपये के बजट, VFX, CGI और ग्राफिक्स की हो गई है। मुझे बस यह सही नहीं लगता।"उन्होंने आगे कहा कि रामायण की चर्चा राम, रावण और सीता के इर्द-गिर्द होनी चाहिए। सलमान के मुताबिक, इस महाकाव्य की असली ताकत इसकी कहानी और इसके किरदारों में है।

भगवान राम के इन गुणों की सलमान ने की तारीफ

सलमान खान ने भगवान राम के व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अच्छे बेटे, अच्छे पति, अच्छे पिता और अच्छे योद्धा थे। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान राम के ये गुण उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ में निभाए जा रहे उनके किरदार से भी जुड़ते हैं।

‘रामायण’ में नजर आएगी सितारों की बड़ी फौज

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य का दो भागों में सिनेमाई रूपांतरण है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।इसके अलावा फिल्म में रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।फिलहाल सलमान खान का यह बयान चर्चा में है। उन्होंने साफ कर दिया है कि रामायण जैसे महाकाव्य की पहचान उसके भव्य बजट या शानदार तकनीक से नहीं, बल्कि उसकी मूल कहानी और किरदारों से होनी चाहिए।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.