सलमान खान ने ट्रोलर्स को सुनाई खरी-खरी, शेयर किया 8-10 साल पुराना किस्सा

AKANSHA UPADHYAY

बिग बॉस 20’ में सलमान खान एक बार फिर अपने खास अंदाज में नजर आ रहे हैं। शनिवार को शो का दूसरा ‘वीकेंड का वार’ हुआ, जहां सलमान ने कंटेस्टेंट्स से जुड़े मुद्दों पर बात करने के साथ-साथ सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर भी खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने ट्रोलर्स को सख्त लहजे में जवाब दिया और करीब 8-10 साल पुराना एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर घर के कंटेस्टेंट्स भी हैरान रह गए।

ट्रोलर के घर पहुंच गए थे सलमान खान

सलमान खान ने बताया कि कई साल पहले एक शख्स सोशल मीडिया पर उनके बारे में लगातार आपत्तिजनक और अभद्र बातें लिख रहा था। जब सलमान को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने उस व्यक्ति के बारे में पता करवाया। जानकारी मिलने के बाद अभिनेता कथित तौर पर सीधे उसके घर पहुंच गए।सलमान ने बताया कि वह लड़का एक अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता था। उसकी मां टीचर थीं, पिता प्रोफेसर थे और उसकी बहन भी एक अच्छे स्कूल में पढ़ती थी। सलमान ने उससे सवाल किया कि अगर उसकी तस्वीर और पहचान सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दी जाए तो उसे कैसा महसूस होगा।

सलमान की बात सुनकर घबरा गया था ट्रोलर

अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने उस शख्स से कहा कि अगर वह चाहें तो उसकी तस्वीर और परिवार से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। सलमान ने बताया कि यह सुनकर वह लड़का घबरा गया और उनसे माफी मांगने लगा।सलमान के मुताबिक, उस समय उस शख्स ने उनसे कहा था, “नहीं-नहीं, मुझे माफ कर दो।” इस किस्से के जरिए सलमान ने सोशल मीडिया पर किसी के बारे में टिप्पणी करने से पहले उसके प्रभाव के बारे में सोचने की बात कही।

ट्रोलिंग पर सलमान ने कही बड़ी बात

सलमान ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगभग हर सेलिब्रिटी को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। कुछ कलाकार इसका जवाब देते हैं, जबकि कई लोग ऐसी टिप्पणियों को नजरअंदाज करना पसंद करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रोलर्स ने सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके भाई सोहेल खान, अभिनेता वरुण धवन और इंडस्ट्री के कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है।

शो में सलमान ने उतारी हैट और टी-शर्ट

‘वीकेंड का वार’ के दौरान सलमान खुद भी ट्रोलर्स को जवाब देते नजर आए। पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर उनके लुक, बढ़ते वजन, उम्र और सिर को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां की जा रही थीं। शो में सलमान ने पहले अपनी हैट उतारी और फिर अपना लुक दिखाया।इसके बाद उन्होंने टी-शर्ट भी उतार दी। उनका यह अंदाज देखकर ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट्स हैरान रह गए। सलमान का इशारा उन लोगों की तरफ था जो लगातार उनके लुक को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर रहे हैं।

जानिये कब से शुरू हुआ ये मामला 

दरअसल, कुछ समय पहले गणेश उत्सव के दौरान अभिनेत्री कैटरीना कैफ को लेकर भी सोशल मीडिया पर बॉडी शेमिंग की टिप्पणियां सामने आई थीं। इस तरह की ऑनलाइन टिप्पणियों को लेकर बॉलीवुड के कई सितारों ने नाराजगी जताई थी। ‘वीकेंड का वार’ में सलमान ने भी ट्रोलिंग के मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की।सलमान का यह पूरा सेगमेंट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। जहां उन्होंने अपने पुराने अनुभव के जरिए ट्रोलिंग पर बात की, वहीं शो में अपने लुक को लेकर किए जा रहे कमेंट्स का जवाब भी अपने अंदाज में दिया। 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.