सपाई हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांग्रेस छोड़कर रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया और वरिष्ठ व अनुभवी नेता बताते हुए स्वागत किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी हुस्ना सिद्दीकी, पुत्र अफजल सिद्दीकी समेत कई अन्य नेता भी सपा में शामिल हुए। नसीमुद्दीन ने दावा किया कि विभिन्न दलों से कुल 15,718 लोगों ने सपा का दामन थामा है।
 
बसपा और कांग्रेस में निभाई अहम भूमिका
 
नसीमुद्दीन सिद्दीकी लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में प्रभावशाली नेता रहे और मायावती के करीबी माने जाते थे। 2007 से 2012 तक की बसपा सरकार में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2017 में बसपा से निष्कासन के बाद वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए, जहां उन्हें स्टार प्रचारक की भूमिका मिली। अब राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सपा में उन्हें कितनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
 
सपा की रणनीति में अहम कड़ी बन सकते हैं
 
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र में मजबूत मुस्लिम चेहरे की तलाश सपा को थी। नसीमुद्दीन सिद्दीकी इन इलाकों में प्रभावशाली पकड़ रखते हैं और कुशल रणनीतिकार माने जाते हैं। ऐसे में वे सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूती देने, संगठन विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
 
अखिलेश यादव का बयान और केंद्र पर निशाना
 
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की जॉइनिंग से PDA की ताकत और बढ़ेगी। उन्होंने शंकराचार्य से जुड़े विवाद पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हमारी परंपरा में गेरुआ वस्त्र धारण करने वालों को सम्मान दिया जाता है। साथ ही उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी सवाल उठाए।
 
कई अन्य नेता भी हुए शामिल
 
कार्यक्रम के दौरान हुस्ना सिद्दीकी, पूनम पाल, रंजना पाल (इटावा की पहली ड्रोन पायलट), शिव शंकर भुर्जी, शंभू प्रजापति, मो. अयाज आब्दी, चमन लाल, राधेलाल रावत, राम जियावन, मौलाना जमीर कासमी, शाहिद शेख, अनीस अहमद (फूल बाबू), राजकुमार पाल, दीनानाथ कुशवाहा और दानिश खान सहित अनेक नेताओं ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.