भाजपा के 2 पूर्व विधायकों, पूर्व IAS समेत 54 नेताओं ने थामा अखिलेश का हाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई पूर्व विधायकों, पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को अपने हजारों समर्थकों के साथ सपा का दामन थाम लिया।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय (19, विक्रमादित्य मार्ग) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने सभी नए साथियों का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं की जॉइनिंग से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। यह सभी साथी अपने-अपने क्षेत्रों में 'पीडीए' (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के मजबूत पिलर हैं और इनके जुड़ने से पीडीए की लड़ाई और अधिक मजबूत हुई है। वहीं सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा से त्रस्त होकर बड़ी संख्या में नेता सपा में आने को तैयार हैं और पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों को पूरा सम्मान दिया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल 54 प्रमुख नेताओं ने समर्थकों संग सपा जॉइन की। इनमें भाजपा के 5 बड़े चेहरे (पूर्व विधायक कुशाग्र सागर व सिनोद कुमार शाक्य, FCI डायरेक्टर प्रदीप पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य मानिक चन्द्र दिवाकर व बलबीर पाल) और बसपा के 6 दिग्गज (पूर्व IAS राम बहादुर पासी, पूर्व प्रत्याशी केसी शाक्य व चन्द्र प्रकाश मिश्र, रामनरायन निषाद, हीरालाल निषाद व अनिल पाल) शामिल हैं। इनके अलावा प्रयागराज से पूर्व विधायक अजय कुमार तथा स्थानीय निकाय के कई जन-प्रतिनिधियों ने भी सपा का दामन थामा।
- श्री कुशाग्र सागर – पूर्व विधायक (बिसौली सुरक्षित, बदायूं)
- श्री सिनोद कुमार शाक्य – पूर्व विधायक (दातागंज, बदायूं)
- श्री प्रदीप पाण्डेय – एफसीआई (FCI) डायरेक्टर एवं भाजपा नेता (शाहजहांपुर)
- श्री मानिक चन्द्र दिवाकर – वर्तमान जिला पंचायत सदस्य (आगरा)
- श्री बलबीर पाल – वरिष्ठ भाजपा नेता (चित्रकूट)
- श्री राम बहादुर पासी – पूर्व आईएएस (IAS) अधिकारी एवं मुजफ्फरनगर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी
- श्री कालीचरण उर्फ केसी शाक्य – पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं बदायूं से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी
- श्री चन्द्र प्रकाश मिश्र – पूर्व प्रत्याशी (सेवता विधानसभा, सीतापुर)
- श्री रामनरायन निषाद – वरिष्ठ बसपा नेता (फतेहपुर)
- श्री हीरालाल निषाद – वरिष्ठ बसपा नेता (फतेहपुर)
- श्री अनिल पाल – वरिष्ठ बसपा नेता (प्रयागराज)
- श्री जनक सिंह लोधी – पूर्व जिला पंचायत सदस्य (आगरा)
- श्री अजय कुमार – पूर्व विधायक (प्रयागराज)

No Previous Comments found.