सरस्वती पूजा को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित।
समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना परिसर में 19 जनवरी सोमवार को सरस्वती पूजा के मद्देनजर रखते हुए शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। रोसड़ा एसडीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी पूजा समितियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के सार्वजनिक रूप से प्रतिमा स्थापित करने वालों पूजा समितियां के ऊपर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अधिकारियों ने शांतिपूर्ण उत्सव के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। सीओ रंधीर कुमार रमण ने कहा कि पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही, प्रतिमा को कभी भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने निर्देश दिया कि समितियां पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स रखें। सभी वॉलंटियर्स के पास आई-कार्ड होना चाहिए और उनका मोबाइल नंबर प्रशासन के पास दर्ज होना जरूरी है। डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। लाउडस्पीकर पर अश्लील गाने बजाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विसर्जन का भी रूट व समय पूर्व से सार्वजनिक करना जरूरी है। एसडीएम ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट न डालें। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस बार पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। पिछले साल जहां 14 जगहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात थे, इस बार उनकी संख्या बढ़ाकर 26 कर दी गई है। उन्होंने अपील की कि यह विद्यार्थियों का पर्व है, इसलिए बच्चों को सही मार्गदर्शन देना हम सबकी जिम्मेदारी है। बैठक में बीडीओ सुनील कुमार, सीओ रंधीर रमण, थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, उप प्रमुख सुजीत कुमार चौधरी, मुखिया चंद्रमणि प्रसाद सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक रामचंद्र महतो,राम बहादुर सिंह,भोला चौधरी, अमरदीप कुमार, मनोरंजन प्रसाद मिश्र, राजेश कुमार, अशोक कुमार, विनय भूषण, गोलू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। रोसड़ा एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन मुस्तैद है और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर : राजेश कुमार
No Previous Comments found.