बाइक सवार उचक्कों ने शिक्षिका से छीना मंगलसूत्र, जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खदियाही चौक से आगे महुआ पेड़ के नजदीक 11 अप्रैल शनिवार को दिनदहाड़े एक शिक्षिका से मंगलसूत्र छीनने की घटना प्रकाश में आई है। इस संबंध में पीड़िता रमिता कुमारी, जो मध्य विद्यालय खोकसाहा में शिक्षिका हैं उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद वह ऑटो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक दिन के करीब 1:10 बजे महुआ पेड़ के नजदीक पीछे से बाइक पर सवार दो युवकों ने चलती ऑटो में झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 5 ग्राम का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़िता शिक्षिका के अनुसार दोनों युवक की उम्र 18 से 20 वर्ष के करीब था। एक युवक लाल रंग की टी-शर्ट और दूसरा नीले रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। वारदात के बाद दोनों शाहपुर चौक की ओर तेज रफ्तार से भाग निकले। घटना के बाद पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
रिपोर्टर : राजेश कुमार


No Previous Comments found.