भारत सरकार की जनगणना 2027 हेतु पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों का प्रशिक्षणचर्या कार्यक्रम हुआ प्रारंभ
समस्तीपुर( हसनपुर) : आगामी 2027 की जनगणना को ले प्रखंड के न्यू इंडिया शुगर मिल्स हाईस्कूल हसनपुर रोड के सभागार में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए प्रशिक्षणचर्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस प्रशिक्षणचर्या कार्यक्रम का शुभारंभ भूमिसुधार उपसमाहर्ता रोसड़ा कंचन कुमारी झा एवं प्रखंड चार्ज जनगणना अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी हसनपुर मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से जनगणना 2027 से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियों को बारीकी से समझ लेने का निर्देश दिया। साथ ही प्रशिक्षणचर्या कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा बताई गई बातों को पूरी तन्मयता के साथ आत्मसात कर लेने को कहा। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान है तथा इससे देश के लिए भविष्य की दूरगामी योजनाओं का निर्धारण किया जाएगा। बताया जाता है भारत सरकार की जनगणना 2027 हेतु आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 13 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 24 अप्रैल 2026 तक अलग तिथियों में आयोजित की जाएगी। इस बार की जनगणना डिजिटल माध्यम से दो चरणों में निष्पादित की जानी है। प्रथम चरण में मकान सूचिकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी जो कि अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में संपन्न होगा। इस बार की जनगणना की एक खास बात यह है कि अगर नागरिक चाहेंगे तो वे अपनी स्वगणना भी ऑनलाइन जनगणना पोर्टल के माध्यम से दर्ज करवा सकेंगे ।विदित हो कि जनगणना कार्य एक समयबद्ध और वैधानिक प्रक्रिया है जो 'जनगणना अधिनियम 1948' एवं जनगणना नियमावली 1990 के प्रावधानों के अंतर्गत संचालित होती है। मौके पर जनगणना कोषांग के कर्मी शंभू प्रसाद,राजेश रंजन राय, मनोज कुमार भारती,ओहम महेश प्रसाद सिंह, ब्रजेश कुमार ब्रज , बैद्यनाथ रजक सहित प्रशिक्षणचर्या कार्यक्रम के सभी प्रशिक्षकों के अलावा संबंधित पंचायतों के पर्यवेक्षक एवं प्रगणक मौजूद रहे।
रिपोर्टर : गौतम कुमार सिंह


No Previous Comments found.