प्रधानाचार्य डॉ. बी. के. चौधरी ने किया छात्रों का उत्साहवर्धन

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय  आर. बी. कॉलेज में बुधवार को प्रधानाचार्य डॉ. बी. के. चौधरी की अध्यक्षता एवं इंटर्नशिप सेल के समन्वयकों के निर्देशन में स्नातक पांचवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए "इंटर्नशिप" विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। विषय की गंभीरता को देखते हुए महाविद्यालय का सभागार छात्र-छात्राओं से खचाखच भरा रहा।   कार्यशाला के मुख्य वक्ता डॉ. धीरज कुमार पाण्डेय ने विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने छात्रों को इंटर्नशिप के प्रभावी क्रियान्वयन, रिपोर्ट तैयार करने और मूल्यांकन प्रक्रिया की बारीकियां समझाईं।  

इंटर्नशिप सह-समन्वयक डॉ. हरीश सामरिया ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न सरकारी संस्थाओं द्वारा संचालित इंटर्नशिप प्रोग्रामों की जानकारी दी। उन्होंने SWAYAM और PM Internship पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, योग्यता और लाभों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। छात्रों ने पोर्टल से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।  

कार्यक्रम के अंत में सह-समन्वयक डॉ. सुधांशु शेखर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. बी. के. चौधरी ने कहा कि नई शिक्षा नीति में इंटर्नशिप अनिवार्य है और यह छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी देता है। उन्होंने सभी छात्रों से इन पोर्टलों का लाभ उठाने की अपील की।  राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।  

रिपोर्टर : डॉ. प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.