खैरा मल्लाह टोल स्कूल में असामाजिक तत्वों का उत्पात, बरामदे में मिली शराब की बोतलें

समस्तीपुर :   अंगार घाट थाना क्षेत्र के चैता दक्षिणी पंचायत के वार्ड-11 स्थित प्राथमिक विद्यालय खैरा मल्लाह टोल में असामाजिक तत्वों के उत्पात का मामला सामने आया है। प्रधान शिक्षिका मिथिलेश कुमारी ने अंगारघाट थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।  

आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय में ना तो चहारदीवारी है और ना ही रात्रि प्रहरी की व्यवस्था। इसका फायदा उठाकर रात में असामाजिक लोग विद्यालय के बरामदे पर शराब पीते हैं। बोतलें तोड़कर बरामदा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और बिजली का बल्ब-होल्डर भी तोड़ दिया गया।  

प्रधान शिक्षिका ने बताया कि मंगलवार सुबह 6:15 बजे जब वे विद्यालय पहुंची तो बरामदे पर शराब की बोतल व ग्लास रखा मिला। उन्होंने ग्रामीणों को बुलाकर दिखाया और ग्राम प्रधान कमल कांत राय को सूचना दी।  

आरोप है कि जब ग्रामीणों से पूछताछ की गई तो कुछ असामाजिक तत्व नशे की हालत में कार्यालय में घुस आए और गाली-गलौज व धमकी देकर चले गए।  

प्रधान शिक्षिका ने थानाध्यक्ष से विद्यालय में असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने और सुरक्षा के लिए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।  

रिपोर्टर : डॉ. प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.