BDO-मुखिया के बीच फंसा नाला, जनता गंदे पानी में रहने को मजबूर
समस्तीपुर : उजियारपुर प्रखंड के अंगार पंचायत में अधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच फुटबॉल बना नाला डिहुली वार्ड-11 के लोगों के लिए नासूर बन गया है। नाले के गंदे पानी से वार्ड के कुछ हिस्सों में जलजमाव का दंश झेल रहा है, लेकिन सफाई के नाम पर सिर्फ तारीख-पर-तारीख मिल रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर बीडीओ संजीव कुमार को मोबाइल पर जानकारी दी गई थी। बीडीओ साहब ने बड़ा भरोसा दिलाया – "मुखिया जी को बोल देते हैं"। पहल करते हुए मुखिया को बोल भी दिया गया।
लेकिन यहां से शुरू हुआ असली खेल। मुखिया जी और बीडीओ साहब के बीच नाला सफाई की फाइल फंस गई। तर्क आया – "पंचायत में नाले की सफाई का कोई फंड आता ही नहीं है, तो सफाई कराएगा कौन?"
जब मामला मीडिया में उछला तो मुखिया जी ने पत्रकारों के सामने नई स्क्रिप्ट पढ़ दी – "शुद्ध निजी फंड से नाला साफ करवाएंगे, मजदूर से बात हो रही है, मजदूर मिलते ही काम शुरू"।
इस आश्वासन को भी एक सप्ताह बीत गया, पर नाले से एक टोकरी कचरा तक नहीं निकला। गंदा पानी अब घरों में घुस रहा है, बीमारी का खतरा मंडरा रहा है।
सवाल उठता है – जब पंचायत में नाला सफाई का फंड नहीं है तो हर साल बरसात से पहले कागजों में सफाई कहां हो जाती है, मुखिया जी का"निजी फंड" वाला वादा जुमला था या वाकई जेब ढीली करेंगे, जनता पुछ रही है - गंदगी में हम रहें और कुर्सी पर आप
रिपोर्टर : डाॅ प्रवीण प्रकाश


No Previous Comments found.