स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण में खुली पोल, गायब मिले डॉक्टर; जिलाधिकारी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
समस्तीपुर : जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश के आलोक में आज जिले के सभी प्रखंडों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) का व्यापक निरीक्षण विभिन्न जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया, जिसमें चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, केंद्रों के खुलने-बंद रहने की स्थिति, साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता, भवन की स्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण में कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अनेक स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित समय पर बंद पाए गए तथा कई स्थानों पर चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। कुछ केंद्रों में भवन की अनुपलब्धता, जर्जर स्थिति, साफ-सफाई की कमी, पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी देखा गया। इसके अतिरिक्त कुछ केंद्रों पर दवाओं एवं आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की कमी भी पाई गई।
जिलाधिकारी ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी दोषी कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों को नियमित रूप से संचालित करने, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
रिपोर्टर : श्याम कुमार


No Previous Comments found.